APG शिमला विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया प्री-दीवाली समारोह

Photo of author

By Hills Post

शिमला: रोशनी, उमंग, खुशियों और आपसी भाईचारे के प्रतीक दीपावली का पर्व एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित इस विशेष प्री-दीवाली समारोह एवं दीपोत्सव में पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने एकजुट होकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

दीपों और फूलों से सजा परिसर

दीपावली के अवसर पर पूरे विश्वविद्यालय परिसर को हजारों पारंपरिक मिट्टी के दीयों, ताजे गेंदे और गुलाब के फूलों तथा रंग-बिरंगी रोशनी से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्य प्रवेश द्वार, प्रशासनिक भवन और शैक्षणिक परिसर की सजावट ने शाम होते ही पूरे माहौल को एक सुंदर, दिव्य और आध्यात्मिक रूप दे दिया।

विश्वविद्यालय के प्रबंधन, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने पारंपरिक तरीके से एक साथ दीप प्रज्वलित किए और एक-दूसरे को दीवाली की बधाई दी। इस दौरान सभी ने औपचारिकताओं से दूर एक परिवार के रूप में उत्सव का आनंद लिया। समारोह के दौरान प्रबंधन की तरफ से सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को विशेष उपहार और मिठाइयां भी वितरित की गईं।

मनोरंजक खेलों और प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई रौनक

समारोह को और अधिक यादगार बनाने के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच कई मनोरंजक खेलों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें स्टैच्यू गेम, स्पून रेस, पास द पार्सल और बैलून ग्लास स्टैकिंग शामिल थीं।

इन मुकाबलों में फैकल्टी सदस्यों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे परिसर में हंसी-मजाक व उत्साह का माहौल रहा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं में डॉ. आनंद मोहन शर्मा (डीन एकेडमिक्स), डॉ. ज्योत्सना शर्मा (एसोसिएट डीन फैकल्टीज), रजत चौहान, पल्लवी, स्वाति, मोनिका, तमन्ना, माधवी, पिया और अनन्या शामिल रहे ।

शाम का समापन संगीत, नृत्य, सामूहिक भोज और जगमगाते दीयों की पृष्ठभूमि में ली गई यादगार तस्वीरों के साथ हुआ। एपीजी शिमला विश्वविद्यालय का यह आयोजन आपसी एकजुटता, टीम भावना और खुशियां बांटने का एक बेहतरीन उदाहरण साबित हुआ।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।