नाहन : माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के लिए आज का दिन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (AMRU) द्वारा घोषित बी.एससी. नर्सिंग छठे सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में कॉलेज की छात्राओं ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कॉलेज की दो छात्राओं ने विश्वविद्यालय की टॉप-10 मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर संस्थान का नाम रोशन किया है।
कॉलेज की छात्रा संस्कृति (पुत्री स्वर्गीय दिनेश) ने विश्वविद्यालय (AMRU) में चौथा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसी क्रम में अनन्या कुकरेती (पुत्री आशीष कुकरेती) ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया है। छात्राओं की इस सफलता से पूरे कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।

कॉलेज स्तर पर भी प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा। संस्कृति ने 8.9 SGPA के साथ प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अनन्या कुकरेती ने 8.67 SGPA प्राप्त कर द्वितीय स्थान पाया। इसके अलावा निहारिका (पुत्री नरेंद्र सिंह) ने 8.43 SGPA के साथ तीसरा और परविंदर (पुत्री अत्तर सिंह) ने 8.19 SGPA के साथ चतुर्थ स्थान हासिल कर अपनी शैक्षणिक योग्यता का परिचय दिया।
विद्यार्थियों की इस उत्कृष्ट सफलता पर माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन अनिल जैन, सचिव सचिन जैन एवं प्राचार्या डॉ. रिजी गीवरगीज़ ने सभी मेधावी छात्राओं को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्राओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। कॉलेज प्रबंधन ने विश्वास जताया है कि भविष्य में भी यहाँ के विद्यार्थी इसी प्रकार संस्थान और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।