नाहन : ऐतिहासिक देहली गेट नाहन से शनिवार सुबह चार बाइकर्स जयदीप ठाकुर, निशांत तोमर, अभिनव चौहान और योगेश सोलंकी ने साहसिक लद्दाख यात्रा के लिए प्रस्थान किया। दल के सदस्य कुल 13 से 14 दिन की इस चुनौतीपूर्ण यात्रा में हिमालय की ऊँचाइयों, सुरम्य घाटियों और दुर्गम दर्रों से होकर गुज़रेंगे।
दल के एक प्रमुख सदस्य जयदीप ठाकुर मूलतः नाहन निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में दुबई में सेटल हैं। जयदीप ने रवाना होते समय बताया कि यह यात्रा उनके लिए न केवल रोमांच से भरी है, बल्कि यह उनके हिमाचली मूल से भावनात्मक रूप से जुड़ने का एक प्रयास भी है।

बाइक यात्रा की शुरुआत लाहौल की सिस्सू घाटी से होगी, जहां से यह दल लेह, सांकर मठ, विश्व प्रसिद्ध पैंगोंग झील और फिर दुनिया के सबसे ऊँचे मोटरेबल पास उमलिंग ला तक पहुंचेगा। वापसी का रास्ता पुराने मनाली-लेह हाईवे से होते हुए नाहन की ओर रहेगा। यात्रा के दौरान टीम स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक चुनौतियों का अनुभव करेगी।
स्थानीय युवाओं के इस साहसिक अभियान को देखकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। देहली गेट पर बड़ी संख्या में परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए विदा किया।