शिमला: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित CA फाइनल जनवरी-2026 के परीक्षा परिणामों में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के अनिरुद्ध गर्ग ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। पांवटा साहिब निवासी अनिरुद्ध ने ऑल इंडिया स्तर पर दूसरा रैंक (AIR 2) हासिल कर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कुल 600 में से 452 अंक यानी 75.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

परिणाम घोषित होने के समय अनिरुद्ध अपने घर पर परिवार के साथ होली की तैयारियों में व्यस्त थे। जब उन्होंने पहली बार अपना रिजल्ट देखा, तो उन्हें अपनी रैंक पर यकीन ही नहीं हुआ। तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के चलते उन्होंने कई बार रिजल्ट पेज को रिफ्रेश किया। उनकी इस उपलब्धि पर मुहर तब लगी जब खुद ICAI के अध्यक्ष ने उन्हें फोन कर रैंक की पुष्टि की और बधाई दी। इसके बाद से ही उनके घर में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अनिरुद्ध की शैक्षणिक यात्रा शुरू से ही मेधावी रही है। उन्होंने वर्ष 2020 में चंडीगढ़ से सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा 97.75 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से बीकॉम ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह विश्व प्रसिद्ध अकाउंटिंग फर्म अर्न्स्ट एंड यंग (EY) के गुरुग्राम स्थित एश्योरेंस डिवीजन में अपनी आर्टिकलशिप कर रहे हैं। सीए फाउंडेशन में 400 में से 320 और इंटरमीडिएट में 800 में से 538 अंक हासिल कर उन्होंने पहले ही अपनी मजबूत तैयारी का संकेत दे दिया था।
अपनी सफलता के मंत्र को साझा करते हुए अनिरुद्ध ने बताया कि CA का पाठ्यक्रम काफी विस्तृत होता है, इसलिए समय रहते तैयारी शुरू करना बेहद जरूरी है। उन्होंने जून 2023 से ही फाइनल स्तर की कोचिंग शुरू कर दी थी। तैयारी के दौरान जब भी वह मानसिक दबाव या थकान महसूस करते, तो पढ़ाई पूरी तरह छोड़ने के बजाय अपनी गति थोड़ी धीमी कर लेते थे। वह अक्सर पसंदीदा विषयों के सवाल हल करके या लेक्चर देखकर अपनी एकाग्रता बनाए रखते थे। अनिरुद्ध ने अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार के अटूट सहयोग और दोस्तों के उस छोटे समूह को दिया है, जिनके साथ वह अपनी तैयारी और प्रोग्रेस साझा करते थे।