CM के दौरे से पहले जागा प्रशासन: चौगान के बाहर फिर चमका “I Love My Sirmour” सेल्फी पॉइंट

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान के बाहर लगा प्रसिद्ध “I Love My Sirmour” सेल्फी पॉइंट एक बार फिर अपनी पुरानी चमक बिखेरने को तैयार है। पिछले कई वर्षों से उपेक्षा का शिकार होकर यह बोर्ड आखिरकार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले दुरुस्त किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सेल्फी पॉइंट लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में था। रखरखाव के अभाव में यह न केवल पर्यटकों को निराश कर रहा था, बल्कि शहर की सुंदरता पर भी एक दाग की तरह था। लेकिन शनिवार को अचानक नगर परिषद की टीम हरकत में आई और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इसे दोबारा स्थापित करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया।

सूत्रों की मानें तो शहर के सौंदर्यीकरण में आई इस अचानक तेजी की मुख्य वजह कल प्रस्तावित प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाहन दौरा है। चूंकि मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम चौगान मैदान में ही होना तय हुआ है, इसलिए प्रशासन किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहता। इसी के चलते शहर के प्रमुख चौराहों की साफ-सफाई और मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है।

शहर के जागरूक नागरिकों का कहना है कि “I Love My Sirmour” बोर्ड नाहन की पहचान बन चुका था, जहाँ हर आने-जाने वाला पर्यटक तस्वीर खिंचवाना पसंद करता है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी है कि इतने वर्षों तक इस ओर ध्यान क्यों नहीं दिया गया।

एक स्थानीय निवासी ने कहा कि “यह खुशी की बात है कि बोर्ड वापस लग रहा है, लेकिन नगर परिषद को चाहिए कि वह केवल वीआईपी दौरों का इंतजार न करे। सार्वजनिक संपत्तियों और शहर की सुंदरता की नियमित देखरेख होनी चाहिए ताकि नाहन की गरिमा बनी रहे।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।