CM ने बल्ह में 60 करोड़ की 14 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास

Photo of author

By Hills Post

मंडी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान बल्ह विधानसभा क्षेत्र के दियाड़गी में विकास की नई इबारत लिखी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिनमें कई सड़कों, पुलों और पेयजल योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने नाबार्ड के अंतर्गत 25.99 करोड़ रुपये की लागत से शिमला-मंडी सड़क (वाया तत्तापानी, चैल चौक से बग्गी) के उन्नयन कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही नेहरा से फगोह मार्ग पर कांशा खड्ड पर नवनिर्मित मोटरेबल पुल और सड़क का भी लोकार्पण किया गया, जिस पर 6.96 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। भविष्य की कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने 3.67 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली गडोग नाला से बरनोग सड़क का शिलान्यास भी किया।

बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को विस्तार देते हुए मुख्यमंत्री ने धनोटू में 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग के भव्य विश्राम गृह का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त निचली बेहली, जाच और फंगवास में आधुनिक सामुदायिक केंद्रों को जनता को समर्पित किया गया। प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए जाछ (झुंगी) में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय और चम्यार में नए पटवार भवन की शुरुआत की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कोटली और पंडोह में ‘अपना पुस्तकालय’ योजना के तहत नवनिर्मित पुस्तकालयों का भी लोकार्पण किया गया।

पेयजल संकट के स्थाई समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग की तीन बड़ी उठाऊ जलापूर्ति योजनाओं की शुरुआत की। सुंदरनगर तहसील की महादेव, चंबी और जय देवी सहित सात ग्राम पंचायतों के लिए 3.08 करोड़ की योजना, बल्ह क्षेत्र की धाबन और लोहारा बस्तियों के लिए 3.14 करोड़ की योजना और चच्योट क्षेत्र की सैंज और नंदी पंचायतों के लिए 11.57 करोड़ की बड़ी पेयजल योजना को लोगों को समर्पित किया गया। इन परियोजनाओं के शुरू होने से मंडी जिला के बल्ह, सुंदरनगर और चच्योट क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में जीवन स्तर में सुधार होगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।