Demo

कांग्रेस एक बार फिर देश को विभाजन के कगार पर ले जा रही: बिंदल

शिमला: लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के नामांकन के पूर्व दिन शिमला के चौड़ा मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नेता विहीन, नीति विहीन, विचार विहीन होने के कारण लगातार नीचे की ओर जा रही है। 450 सांसदों वाली पार्टी आज 50 सांसदों पर पहुंच गई है और 4 जून को आने वाले चुनाव परिणामों में यह पार्टी 40 से नीचे पहुंच जाएगी। 28 राज्यों में सत्ता चलाने वाली कांग्रेस आज 2-3 राज्यों में सिमट गई है इसलिए कांग्रेस ने उन लोगों के साथ समझौते किए हैं जो राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है, इसलिए कांग्रेस का पतन निश्चित है। 

bindal shimla

डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस रंग भेद, नसल भेद, जाति भेद, धर्म भेद करके एक बार फिर देश को विभाजन के कगार पर ले जा रही है। गांधी परिवार के गुरू सैम पित्रोदा ने भारत के देशवासियों का अपमान किया। कुछ को मंगोलियन कहा, कुछ को अरेबियन कहा, कुछ को हब्शियों के साथ मिलाया। राहुल गांधी पूरे देश मे अल्पसंख्यक आरक्षण देने की जोर-शोर से वकालत कर रहे हैं और बहुसंख्यकवाद अर्थात हिन्दुत्व इस देश में नहीं चलेगा, यह कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र का प्रमुख हिस्सा है। इस प्रकार देश को विभाजन की ओर धकेलने का पाप कांग्रेस पार्टी कर रही है। देश की जनता यह स्पष्ट रूप से जानती है कि केवल नरेन्द्र भाई मोदी देश को आगे ले जा सकते हैं इसलिए देश ने मन बनाया है कि मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास पर भी यही बात लागू होती है। हिमाचल का विशेष श्रेणी का दर्जा (90ः10 के अनुपात में विकास राशि) कांग्रेस ने छीना और मोदी जी ने दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश की आधी से ज्यादा ग्रामीण सड़के बनाई अटल जी व मोदी की देन है। प्रदेश में बन रहे फोनलेन हाईवे हिमाचल प्रदेश के तीव्र विकास का आधार बन रहे हैं। पठानकोट-मण्डी, कांगड़ा-शिमला, कालका-शिमला, शिमला-ढली, पिंजौर-नालागढ़, कीरतपुर-मनाली, जालंधर-मण्डी, मनाली-रोहतांग टनल, केलांग-लद्दाख टनल ये कुछ ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग है जिन पर लगभग एक लाख करोड़ रू. व्यय हो रहा है और हिमाचल का कायाकल्प हो रहा है।