सोलन: देश के एकमात्र राष्ट्रीय खुंब अनुसंधान निदेशालय (DMR), चंबाघाट के कार्यकारी निदेशक एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. बी.एल. अत्री को बागवानी फसलों की कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी (पोस्ट हार्वेस्ट टेक्नोलॉजी) में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया है।
उन्हें यह ‘डॉ. जे.सी. आनंद गोल्ड मेडल अवार्ड’ 6 से 9 नवंबर तक बेंगलुरु में आयोजित भारतीय बागवानी कांग्रेस के दौरान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार भारतीय बागवानी विज्ञान अकादमी, नई दिल्ली द्वारा दिया जाता है।

डॉ. अत्री पिछले तीन दशकों से फलों, सब्जियों और फूलों के रखरखाव एवं उनके मूल्य संवर्धन (value addition) पर कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में, वह मशरूम की भंडारण अवधि (shelf-life) बढ़ाने और मशरूम से बने नए उत्पाद विकसित करने पर महत्वपूर्ण शोध कर रहे हैं।