नाहन : जिला सिरमौर में नि:स्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में जुटी प्रमुख रक्तदाता संस्था ‘Drops of Hope Society Sirmour’ ने मई महीने में सेवा की एक नई मिसाल कायम की है। सोसाइटी के सदस्यों की दिन-रात की कड़ी मेहनत से कुल 64 यूनिट रक्तदान दर्ज किया गया। टीम के आपसी तालमेल की बदौलत गंभीर और आपातकालीन स्थिति में अस्पतालों में भर्ती दर्जनों मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाकर नई जिंदगी दी गई। यह मुहिम न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि हिमाचल से बाहर भी उतनी ही सक्रियता से चलाई गई।
इस पूरे अभियान के तहत सबसे बड़ा योगदान डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में रहा, जहाँ स्थानीय स्तर पर कुल 44 यूनिट्स रक्त की आपातकालीन मांग को पूरा किया गया। अस्पताल में मरीजों की ज़रूरत के अनुसार ‘Drops of Hope Society’ ने A पॉजिटिव की 11 यूनिट, O切 पॉजिटिव की 8 यूनिट, B पॉजिटिव की 14 यूनिट और AB पॉजिटिव की 3 यूनिट्स डोनेट की गईं। इसके साथ ही बेहद रेयर (दुर्लभ) माने जाने वाले नेगेटिव ब्लड ग्रुप्स की जरूरत को भी टीम ने तुरंत पूरा किया, जिसमें AB नेगेटिव की 1 यूनिट, O नेगेटिव की 1 यूनिट और B नेगेटिव की 3 यूनिट्स शामिल हैं।

स्थानीय स्तर पर मोर्चा संभालने के साथ-साथ सोसाइटी के जांबाज सदस्यों ने बाहरी राज्यों के बड़े अस्पतालों में भर्ती सिरमौर के मरीजों की पुकार पर भी तुरंत कदम बढ़ाए। इसी कड़ी में सोसाइटी के सक्रिय सदस्य सुनील वर्मा ने विशेष तौर पर फोर्टिस अस्पताल मोहाली जाकर गंभीर स्थिति में भर्ती एक मरीज के लिए ‘B पॉजिटिव’ रक्तदान किया, तो वहीं प्रवेश बंसल ने पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ पहुंचकर ‘B पॉजिटिव’ ब्लड डोनेट कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
पीजीआई चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों के लिए रक्त की कमी को सोसाइटी के अध्यक्ष सलमान खान ने खुद मोर्चा संभालते हुए आपातकाल में 3 यूनिट्स की व्यवस्था करवाकर पूरा कराया। इसी तरह, अखिल माहेश्वरी ने मोहाली और पंचकूला में सिरमौर के मरीजों के लिए 4 यूनिट्स रक्त की व्यवस्था करवाई।
दूसरी ओर, शिमला के आईजीएमसी (IGMC) अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के लिए कपिल नेगी ने ‘B +” की 2 यूनिट, ‘O +’ की 6 यूनिट और पीजीआई में ‘AB +’ की 2 यूनिट्स का प्रबंध किया। वहीं, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों के लिए नदीम खान ने तत्परता दिखाते हुए 4 यूनिट्स रक्त की व्यवस्था सुनिश्चित की। ‘Drops of Hope Society Sirmour’ के प्रबंधन ने इस शानदार मानवीय कार्य पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरी सेवा सभी सदस्यों की नि:स्वार्थ मेहनत और आपसी सहयोग से ही संभव हो पाई है।