कानसर स्कूल की छात्राओं ने सीखा आत्मरक्षा का आत्मविश्वास, मॉडर्न मार्शल आर्ट्स से बनीं सशक्त

नाहन : धारटीधार क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय कानसर की छात्राओं ने आत्मरक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। शिक्षा खंड माजरा के अंतर्गत आयोजित ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के तहत कक्षा छठी से दसवीं तक की 40 छात्राओं को आधुनिक मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुरों के साथ-साथ आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और संतुलित आहार की महत्ता भी सिखाई गई। मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक कृष्ण शर्मा द्वारा छात्राओं को जुडो, कराटे, बॉक्सिंग जैसी तकनीकों में दक्ष किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को जुडो, कराटे, बॉक्सिंग, आत्मरक्षा तकनीकें, पॉजिटिव एटीट्यूड और दैनिक जीवन में संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। छात्राओं ने पूरी लगन, जोश और अनुशासन के साथ हर गतिविधि में भाग लिया।

विद्यालय के कार्यकारी मुख्याध्यापक किशोर भारद्वाज ने बताया कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण परिवेश की छात्राओं के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हुआ है। इससे न केवल छात्राओं का आत्मविश्वास और साहस बढ़ा है, बल्कि उन्हें हर परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रखने की क्षमता भी प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अनिल शर्मा, संदीप कुमार, कल्पना ठाकुर, नेहा शर्मा, बबिजा शर्मा, ललिता ठाकुर, आदित्य कुमार और गैर-शिक्षण स्टाफ सुरेश शर्मा, कमलेश देवी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ाया।

यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है, जिससे बेटियों को मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की ओर समाज का विश्वास और अधिक गहरा हुआ है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।