नाहन : अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) के घोषित परिणामों में एक बार फिर जिला सिरमौर के दुर्गम क्षेत्र हरिपुरधार के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कल घोषित हुए इन नतीजों में माँ भगवती पब्लिक स्कूल हरिपुरधार के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस वर्ष इस प्रतिष्ठित परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों में माँ भगवती स्कूल के 4 छात्र शामिल हैं, जिनमें कक्षा 9वीं से आरव ठाकुर और कक्षा छठी से अमीषा राणा, ईशान ठाकुर और कार्तिक राणा ने सफलता के झंडे गाड़े हैं।
हरिपुरधार जैसे ग्रामीण परिवेश में राष्ट्रीय स्तर की इतनी कठिन परीक्षा को पास करना क्षेत्र के लिए एक विशेष उपलब्धि मानी जा रही है। इस विद्यालय से अब तक 19 बच्चे सैनिक स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, जबकि पूरे हरिपुरधार क्षेत्र से अब तक कुल 34 बच्चों ने इस गौरवपूर्ण परीक्षा को पास किया है। यदि जेएनवी और सैनिक स्कूल जैसी सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को मिलाया जाए, तो अब तक इस समूचे क्षेत्र से लगभग 100 बच्चे अपनी योग्यता सिद्ध कर चुके हैं।

ग्रामीण क्षेत्र की इस बड़ी सफलता का मुख्य श्रेय यहाँ के दो समर्पित शिक्षकों, राकेश ठाकुर और राजेश ठाकुर को जाता है। माँ भगवती पब्लिक स्कूल में कार्यरत इन दोनों अध्यापकों ने ही पहली बार हरिपुरधार में सैनिक स्कूल, आरएमएस (RMS) और स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट स्कॉलरशिप जैसी परीक्षाओं के लिए बच्चों को तैयार करने की नींव रखी। ये शिक्षक स्कूल के समय के बाद छोटे-छोटे बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से इन प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी करवाते हैं।
इस वर्ष पूरे हरिपुरधार क्षेत्र से सफल हुए कुल 12 बच्चों में से 6 बच्चों ने बी एल आर अकादमी (BLR Academy) से ऑनलाइन कोचिंग ली थी, जबकि अन्य 6 बच्चों ने ऑफलाइन कक्षाओं के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया। विद्यार्थियों की इस गौरवमयी सफलता पर स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और स्थानीय निवासियों ने सभी छात्रों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएँ दी हैं।