हिमाचल: IAS अधिकारी नेगी का निधन, सीएम ने जताया शोक

सोलन:  डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) 2016 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप नेगी का बुधवार प्रात: पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वे 47 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

negi hp

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलसचिव संदीप नेगी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संदीप नेगी ने प्रदेश सरकार में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर रहते हुए पूरी कुशलता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि उनके निधन से राज्य ने एक समर्पित भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी खोया है।नौणी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ राजेश्वर चंदेल समेत अन्य विभागों के वैधानिक अधिकारियों और कर्मचारियों भी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ रवाना हो गए हैं।

संदीप नेगी नौणी यूनिवर्सिटी से पूर्व विभिन्न पदों पर रह चुके है जिनमें प्रमुख हैं पांगी, चौपाल, आनी और चंबा में एसडीएम। इसके अतिरिक्त नेगी अतिरिक्त सचिव गृह और स्वास्थ्य, एडीएम सोलन और शिमला, नियंत्रक मुद्रण और स्टेशनरी विभाग, सचिव महिला आयोग और एसी टू डिविजनल कमिश्नर शिमला के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।