नाहन: राष्ट्रीय खेल संस्थान में देशभर से चुने गए 21 में अकेले हिमाचली त्रिजल ठाकुर

नाहन : करियर एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाहन के होनहार छात्र त्रिजल ठाकुर ने प्रदेश और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। त्रिजल का चयन देश के प्रतिष्ठित खेल शिक्षा संस्थान लक्ष्मीबाई नेशनल कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन (LNCPE), केरल में हुआ है। यह संस्थान देशभर में खेलों के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए जाना जाता है।

इस वर्ष LNCPE में कुल 42 सीटें उपलब्ध थीं, जिनमें से 21 सीटें केरल राज्य के लिए आरक्षित थीं और बाकी 21 सीटें पूरे भारत के छात्रों के लिए खुली थीं। त्रिजल ने हिमाचल प्रदेश से इकलौते छात्र के रूप में इस प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल की है।

राष्ट्रीय खेल संस्थान

त्रिजल ठाकुर ने न केवल जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि LNCPE की चयन प्रक्रिया में भी उन्होंने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण और फुटबॉल ट्रायल शामिल थे, जिनमें त्रिजल ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।

विद्यालय के प्राचार्य राजेश सोलंकी ने इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि “त्रिजल की सफलता उनके समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। यह सभी छात्रों के लिए एक प्रेरणा है।”

विद्यालय के चेयरमैन एस.एस. राठी ने कहा, “त्रिजल की इस उपलब्धि ने हिमाचल का नाम राष्ट्रीय पटल पर चमकाया है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।” निदेशिका मधुलिका राठी ने कहा, “यह सफलता स्कूल के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है और स्कूल सदैव ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करता रहेगा।” मनोज राठी ने भी त्रिजल की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा, “यह सिद्ध करता है कि कड़ी मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।”

विद्यालय परिवार ने त्रिजल ठाकुर को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।