नाहन : हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब, 6वीं आईआरबीएन धौलाकुआं के तीन होनहार निशानेबाजों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए आगामी राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इन युवा खिलाड़ियों ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 45वीं नॉर्थ ज़ोन शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान 50 मीटर 3 पोजीशन .22 राइफल स्पर्धा में यह शानदार उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले खिलाड़ियों में मीनाक्षी शर्मा (जूनियर महिला वर्ग), ओजस्वनी सिंह (यूथ महिला वर्ग) और सूर्यंश कपूर (यूथ पुरुष वर्ग) शामिल हैं।
प्रतियोगिता के दौरान तीनों निशानेबाजों ने उत्कृष्ट कौशल, दृढ़ संकल्प और निरंतरता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए आवश्यक मानदंडों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस स्वर्णिम सफलता पर हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सभी सदस्यों ने तीनों निशानेबाजों, उनके अभिभावकों तथा कोचिंग स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

क्लब अध्यक्ष ने युवा खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को बरकरार रखेंगे और हिमाचल प्रदेश पुलिस, शूटिंग क्लब तथा पूरे प्रदेश का नाम देश भर में रोशन करेंगे। क्लब प्रबंधन ने तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।