सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, सोलन में होली का पावन पर्व बेहद उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। संस्थान का पूरा परिसर रंग-बिरंगे गुलाल, मधुर संगीत और विद्यार्थियों की उमंग से सराबोर नजर आया। इस खास मौके पर संस्थान की प्रबंध निदेशक सुश्री शचि सिंह, डॉ. सुरेश चौहान प्राचार्य (एच.एम.सी.टी.), डॉ. कंचन बाला जसवाल प्राचार्य (पॉलिटेक्निक), डॉ. अवनीत गुप्ता प्राचार्य (फार्मेसी), डॉ. श्वेता संधू विभागाध्यक्ष (मैनेजमेंट), निशांत ठाकुर विभागाध्यक्ष (बी.टेक विभाग) तथा सूरत सिंह (Head of Administration) तथा हुशैन जैदी (Deputy Director, Marketing & PR) समस्त शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सोलो डांस, ग्रुप डांस और गायन की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर सबका मन मोह लिया। छात्रों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता ने इस समारोह को यादगार बना दिया। आयोजन का एक मुख्य आकर्षण होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी (HMCT) विभाग के छात्रों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स रहे। विद्यार्थियों ने यहाँ अपने पेशेवर कौशल और बेहतरीन आतिथ्य सत्कार का प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों को प्रभावित किया।
इस पूरे आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम का सफल संचालन और प्रबंधन पूरी तरह से संस्थान की छात्र समिति ‘परफॉर्मिंग आर्ट एंड इवेंट मैनेजमेंट सोसाइटी’ द्वारा किया गया। छात्रों ने योजना बनाने से लेकर मंच संचालन और सांस्कृतिक समन्वय तक की सभी जिम्मेदारियां बखूबी निभाईं, जो उनके नेतृत्व कौशल और टीमवर्क की एक बेहतरीन मिसाल पेश करता है।
संस्थान के अतिथियों और प्राचार्यों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी व्यक्तित्व निर्माण के लिए अनिवार्य है। कार्यक्रम का समापन आपसी स्नेह और सौहार्द के साथ हुआ, जहाँ शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर प्रेम और एकता के संदेश के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।