LR इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की रितिका और सारिका ने उत्तीर्ण की GPAT परीक्षा

Photo of author

By Hills Post

सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के अंतर्गत संचालित एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की दो होनहार छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट (GPAT) में शानदार सफलता हासिल की है। रितिका ठाकुर और सारिका के इस चयन से न केवल संस्थान, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर है।

देश भर के मेधावी छात्रों के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में रितिका ठाकुर ने 1553वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। वहीं, संस्थान की एक अन्य छात्रा सारिका ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए 6887वीं रैंक के साथ इस कठिन परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। यह सफलता उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, समर्पण और अटूट लक्ष्य का मधुर परिणाम है।

GPAT उत्तीर्ण करने के बाद ये छात्राएं अब देश के शीर्ष संस्थानों में फार्मेसी के स्नातकोत्तर (M.Pharm) पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने की पात्र हो गई हैं। साथ ही, वे भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति (Scholarship) के लिए भी पात्र होंगी, जिससे उनके शोध और उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे।

दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर संस्थान की प्रबंध निदेशक शचि सिंह, अकादमिक निदेशक डॉ. पी.पी. शर्मा तथा फार्मेसी विभाग के प्रधानाचार्य डॉ. अवनीत गुप्ता ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। संस्थान प्रबंधन ने साझा संदेश में कहा कि रितिका और सारिका की यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। हमें अपनी बेटियों पर गर्व है। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी हमारे छात्र इसी तरह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में अपनी छाप छोड़ते रहेंगे।

प्रबंधन ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस सफलता से संस्थान के अन्य विद्यार्थियों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह और प्रेरणा देखने को मिल रही है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।