सोलन: L.R. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के एल.आर. इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा बी.टेक विभाग के छात्रों के लिए आयोजित दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट 2026 उत्साह, ऊर्जा और उत्कृष्ट खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में छात्रों ने अपनी प्रतिभा, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर एल.आर. एजुकेशन ट्रस्ट की प्रबंध निदेशक सुश्री शचि सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अकादमिक निदेशक डॉ. पी. पी. शर्मा और विभिन्न विभागों के प्रिंसिपल्स व विभागाध्यक्षों ने भी उपस्थित रहकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

प्रबंध निदेशक सुश्री शचि सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और यह युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भागीदारी से व्यक्तित्व में निखार आता है। वहीं अकादमिक निदेशक डॉ. पी. पी. शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं तथा उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिताओं के परिणामों पर नजर डालें तो क्रिकेट पुरुष वर्ग में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की टीम ने सिविल इंजीनियरिंग को हराकर खिताब अपने नाम किया। बास्केटबॉल में कंप्यूटर साइंस विभाग की टीम विजेता रही जबकि प्रथम वर्ष के छात्रों की टीम उपविजेता रही। कबड्डी और वॉलीबॉल के महिला वर्ग में इलेक्ट्रिकल व कंप्यूटर साइंस की संयुक्त टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए जीत हासिल की। बैडमिंटन महिला वर्ग और 100 मीटर की एथलेटिक्स दौड़ में सिविल इंजीनियरिंग के छात्रों ने बाजी मारी। इसके अतिरिक्त चेस में प्रथम वर्ष के छात्र और टेबल टेनिस में कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थी विजेता रहे।
पावरलिफ्टिंग, आर्म रेसलिंग और कैरम जैसे खेलों में भी इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेडल हासिल किए। समापन समारोह के दौरान सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस स्पोर्ट्स मीट ने न केवल छात्रों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, बल्कि उन्हें टीमवर्क और सामूहिक प्रयासों के महत्व से भी रूबरू करवाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भविष्य में भी इसी तरह की खेल गतिविधियों को जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर फार्मेसी प्रिंसिपल अवनीत गुप्ता, पॉलिटेक्निक प्रिंसिपल डॉ. कंचन बाला जसवाल, बी.टेक विभागाध्यक्ष निशांत ठाकुर, डॉ. श्वेता संधू (मैनेजमेंट), डॉ. सुरेश चौहान (HMCT), और उप निदेशक (Marketing & PR) हुसैन जैदी सहित समस्त संकाय सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पदक वितरण और राष्ट्रगान के साथ हुआ।