सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के बी.एड. विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष एनएसएस (NSS) शिविर के चौथे दिन खेल भावना और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कोडिनेटर मेघा ठाकुर के नेतृत्व में प्रार्थना सभा के साथ दिन की शुरुआत हुई, जिसमें विभाग की प्राचार्य डॉ. निशा शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत कर स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया।

शिविर का चौथा दिन पूरी तरह से खेल गतिविधियों के नाम रहा। वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कप्तान रुबल के नेतृत्व में टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। एनएसएस वॉलंटियर सुहानी की टीम ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपनी श्रेणी में विजय प्राप्त की।
बैडमिंटन कोर्ट पर भी रोमांच अपने चरम पर रहा। डबल्स (Doubles) वर्ग में विद्यार्थियों ने अपनी स्फूर्ति से सबको प्रभावित किया। महिला वर्ग में द्वितीय वर्ष की एनएसएस वॉलंटियर शिवानी और कनिका की जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में द्वितीय वर्ष के छात्र गीतांश और सोनू ने शानदार खेल भावना का परिचय देते हुए खिताबी जीत हासिल की।
प्राचार्य डॉ. निशा शर्मा ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। शिविर के चौथे दिन की सफलता में बी.एड. विभाग के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
पूरे आयोजन के दौरान स्वयंसेवियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और दिन का समापन अनुशासन व खेल भावना के सुखद अनुभवों के साथ हुआ। आगामी दिनों में शिविर के तहत समाज सेवा और ग्रामीण विकास की अन्य गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।