नाहन : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का विरोध प्रदर्शन

नाहन: सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। समिति की प्रमुख, संतोष कपूर, ने कहा कि देश में महिलाओं के प्रति अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है, और अब महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।

संतोष कपूर ने कहा कि आज के समय में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन देश में महिलाओं के खिलाफ नई-नई घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में एक महिला चिकित्सक के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस घटना को उन्होंने न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बताया, बल्कि इस पर राज्य की मुख्यमंत्री से जवाबदेही की भी मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए।

mahila janwadi simiti nahna

महाराष्ट्र में छोटी बच्चियों के साथ हो रही हिंसा की घटनाओं पर भी संतोष कपूर ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि महाराष्ट्र के सभी शिक्षण संस्थानों में लिंग संवेदनशील समितियों का गठन किया जाना चाहिए, जो महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम करें।

केंद्र सरकार पर आरोप: जनवादी महिला समिति ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए कि वह अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को संरक्षण दे रही है। उनका कहना था कि इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और वे और भी बेशर्मी से अपराध कर रहे हैं।

समिति ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में अपराधियों को जेल से बाहर निकालकर उन्हें सुरक्षा दी जा रही है, जो कि एक गंभीर समस्या है। इस तरह की घटनाओं से समाज में कानून व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है।