राजगढ़ टिक्कर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार गाड़ी पहाड़ी से टकराई, एक गंभीर घायल

नाहन : आज राजगढ़ के टिक्कर रोड पर एक तेज रफ्तार वाहन के पहाड़ी से टकरा जाने के कारण दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यह दुर्घटना उस समय हुई जब HP10A-9722 नंबर की गाड़ी तेज गति से टिक्कर रोड पर दौड़ रही थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पहाड़ी से जोरदार टक्कर मारते हुए विपरीत दिशा में घूम गई।

हादसे के समय गाड़ी में दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान बलवीर (35 वर्ष), निवासी शलेच द्राबला, के रूप में हुई है। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दूसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा का सख्ती से पालन करवाया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।