सिरमौर और शिलाई के लिए गौरव का क्षण: सुरेंद्र ठाकुर (हिंदुस्तानी ) RVNL के निदेशक नियुक्त

नाहन : हिमाचल प्रदेश और विशेषकर सिरमौर जिले के लिए यह एक अत्यंत गर्व का अवसर है। समाजसेवी एवं जनसेवक सुरेंद्र ठाकुर (हिंदुस्तानी) को भारत सरकार के प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के बोर्ड में नॉन-ऑफिशियल पार्ट-टाइम डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा आदेश संख्या 2024/PL/57/38 के माध्यम से की गई, जिसमें उल्लेख है कि महामहिम राष्ट्रपति ने सुरेंद्र सिंह (हिंदुस्तानी) को तीन वर्षों की अवधि के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, इस पद पर नियुक्त किया है।

यह नियुक्ति SEBI (LODR) Regulations, 2015 और Companies Act 2013 के अनुरूप की गई है। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने कंपनी की ओर से सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने और आवश्यक सूचनाएं संबंधित संस्थाओं को प्रदान करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

ठाकुर वर्षों से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न केवल क्षेत्रीय विकास में अहम भूमिका निभाई है, बल्कि हज़ारों युवाओं का मार्गदर्शन एवं सहयोग कर उनके भविष्य को संवारा है। वे हमेशा समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए तन, मन, धन से समर्पित रहे हैं। उनकी कार्यशैली और समर्पण उन्हें समाज का एक प्रेरणास्रोत बनाता है

सुरेंद्र ठाकुर की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश और सिरमौर के लिए सामूहिक गौरव का क्षण है। समाजसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है और वे निरंतर युवाओं को प्रोत्साहित करने, मार्गदर्शन देने और उनके जीवन को दिशा देने का कार्य करते आए हैं।

उनकी इस उपलब्धि से हिमाचल , सिरमौर और उनके गृह क्षेत्र शिलाई के लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है क्योंकि यह नियुक्ति उनके लिए नई आशाओं का संचार करती है। सभी वर्गों ने ठाकुर को शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।