SDM पांवटा साहिब की चौखट पर न्याय की गुहार: घुतनपुर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

नाहन : उपमंडल के घुतनपुर गांव में वन विभाग की विवादास्पद कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिवार और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के द्वार खटखटा रहे हैं। इसी कड़ी में, कल एसपी सिरमौर से मुलाकात करने के बाद आज ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम पांवटा द्विज गोयल को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।

घुतनपुर के निवासियों का कहना है कि वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक उनके निर्दोष परिजनों को इस ‘फर्जी’ मामले से बाहर नहीं निकाला जाता। ग्रामीणों ने कल नाहन में एसपी सिरमौर के समक्ष अपनी बात रखी थी और आज पांवटा साहिब में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए हाथ जोड़कर विनती की कि इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जाए। ग्रामीणों का तर्क है कि वन विभाग की कार्रवाई तथ्यों पर नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश पर आधारित प्रतीत होती है।

मुश्ताक अली ने एसडीएम के सामने दोहराया कि 15 अप्रैल की सुबह हुई रेड में शुरुआत में कुछ भी बरामद नहीं हुआ था। टीम और पंचायत प्रधान की मौजूदगी में गाड़ी और घर की दो बार तलाशी ली गई, जो पूरी तरह सामान्य रही। लेकिन तीसरी बार बिना किसी स्वतंत्र गवाह के गाड़ी से ‘बाल’ बरामद होने की बात कही गई, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली को संदिग्ध बना दिया है। परिवार का दावा है कि पड़ोसी की छत पर मिले अवशेष भी किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा साजिश के तहत रखे गए हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे की ओर भी आकर्षित किया है, जिसमें घटना की रात एक बिना नंबर की कार संदेहास्पद तरीके से घूमती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी कार के जरिए सबूतों को ‘प्लांट’ किया गया है। एसडीएम पांवटा ने ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

19 अप्रैल को हुई पंचायत बैठक के बाद अब पूरा गांव मुश्ताक अली के परिवार के समर्थन में उतर आया है। पंचायत सदस्यों का कहना है कि वे किसी अपराधी का साथ नहीं दे रहे, बल्कि केवल यह चाहते हैं कि कोई निर्दोष व्यक्ति किसी की निजी रंजिश का शिकार न बने। स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग अब जोर पकड़ती जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।