नाहन : गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, नाहन की छात्रा मुस्कान शर्मा को राष्ट्रीय विश्वविद्यालय महिला खो-खो प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। यह प्रतियोगिता 22 से 25 फरवरी, 2025 तक केरल के कालीकट विश्वविद्यालय में आयोजित होगी।
मुस्कान, जो शास्त्री प्रथम वर्ष की छात्रा हैं, ने महाविद्यालय स्तर पर आयोजित खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला की टीम में जगह बनाई। मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कठोर परिश्रम, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इससे पहले , उन्होंने एलपीयू, जालंधर में हुई अंतर-विश्वविद्यालय उत्तरी जोन प्रतियोगिता में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस चरण में देशभर की लगभग 50 टीमों में से केवल चार ने राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया, जिनमें एचपीयू की टीम भी शामिल रही। मुस्कान के उत्कृष्ट रक्षात्मक और आक्रामक खेल ने टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक प्रोफेसर नरेंद्र सिंह को हिमाचल प्रदेश की महिला खो-खो टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। वे 19 फरवरी को चंडीगढ़ से टीम के साथ केरल के लिए रवाना होंगे। प्रोफेसर सिंह ने बताया, “यह टीम वर्षों के प्रशिक्षण और समर्पण का परिणाम है। हम राज्य का गौरव बढ़ाने को प्रतिबद्ध हैं।”
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप शर्मा ने मुस्कान और प्रोफेसर नरेंद्र सिंह को बधाई देते हुए कहा, “यह हमारे संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। मुस्कान का संकल्प और खेल भावना प्रेरणादायी है।” उन्होंने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की ओर से यह पहली बार है जब कोई छात्रा राष्ट्रीय स्तर पर खो-खो में भाग लेगी।