पच्छाद के सूरज पंडित बने मराठा रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र का नाम किया रोशन

नाहन : सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र के निवासी सूरज पंडित ने भारतीय सेना में अपनी नियुक्ति से पूरे क्षेत्र का नाम गर्व से रोशन किया है। सूरज पंडित ने आज ओफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (O.T.A), चेन्नई (मद्रास) से भारतीय थल सेना की मराठा रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति प्राप्त की।

सूरज पंडित के पिता अरुण कुमार शर्मा शिक्षक हैं और उनकी माता अंजना शर्मा एक गृहिणी हैं। सूरज की छोटी बहन भूमी पंडित वर्तमान में पढ़ाई कर रही हैं। सूरज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा DAV स्कूल सरहां से की और जमा दो की परीक्षा कैरियर अकादमी नाहन से पास की। इसके बाद, उन्होंने चंडीगढ़ से बीएससी की पढ़ाई पूरी की।

suraj pandit pachhad

सूरज की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि सम्पूर्ण पच्छाद और सिरमौर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस कामयाबी ने युवाओं के लिए प्रेरणा का एक आदर्श प्रस्तुत किया है। सूरज ने अपनी मेहनत और समर्पण से इस मुकाम को हासिल किया है, जो साबित करता है कि कड़ी मेहनत से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।

उनके चयन के बाद परिवार और गाँव में जश्न का माहौल है। उनके माता-पिता ने गर्व और खुशी के साथ बताया कि सूरज हमेशा से ही देश सेवा के प्रति समर्पित थे और उन्होंने अपनी लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की।

इस नियुक्ति के साथ सुरज अब भारतीय सेना की मराठा रेजिमेंट का हिस्सा होंगे, जो भारतीय सेना की एक प्रतिष्ठित इकाई है।