घर का इकलौता चिराग बुझा, कालाअंब हमले में घायल इंजीनियर जितेंद्र की मौत

नाहन : कालाअंब क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों द्वारा बेरहमी से हमला किए जाने के बाद गंभीर रूप से घायल 29 वर्षीय युवक जितेंद्र ने आज PGI चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जितेंद्र पेशे से इंजीनियर था और चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और अविवाहित था।

यह हमला पालियों-बरमा पापड़ी सड़क मार्ग पर हुआ, जब शुक्रवार तड़के वह कुछ परिचितों के साथकालाअंब क्षेत्र में पहुंचा था। उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर जानलेवा हमला किया और अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले नाहन लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। आज सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जितेंद्र की मौत से उसके माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की शादी के सपने देख रहे मां-बाप अब गहरे शोक में डूबे हुए हैं।

इस मामले में पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, जिसे अब हत्या में तब्दील किया जाएगा। हालांकि, हमले के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।

जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विनय गुप्ता ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “जितेंद्र की मौत से न केवल उसके परिवार को बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। हम पुलिस से मांग करते हैं कि जितेंद्र के कातिलों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। अगर ऐसा नहीं होता तो भाजपा व क्षेत्रवासी परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कालाअम्ब क्षेत्र में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और पुलिस की निष्क्रियता इस दुखद घटना को और गंभीर बना रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।