नाहन: 108 एंबुलेंस में महिला ने दिया बेटे को जन्म, कोमल और राहुल बने मसीहा

नाहन : ज़िला सिरमौर में मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए 108 एंबुलेंस टीम ने एक बार फिर जीवन रक्षक भूमिका निभाई है। कौलावाला भूड़ की निवासी मुस्कान पत्नी लियाकत को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया। मुस्कान को नाहन अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में सलानी पुल के पास महिला की पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई।

इस दौरान एंबुलेंस में तैनात EMT कोमल और पायलट राहुल ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोका और आपात स्थिति में मुस्कान का सफल प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। बाद में माँ और नवजात को नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत को स्थिर बताया है।

गौरतलब है कि EMT कोमल बीते 8 वर्षों से 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत हैं और अब तक कई आपातकालीन प्रसव सफलतापूर्वक करवा चुकी हैं। कोमल की त्वरित प्रतिक्रिया और साहस ने एक बार फिर साबित किया है कि 108 सेवा न केवल परिवहन, बल्कि जीवनरक्षा का भी माध्यम बन चुकी है।

हिमाचल प्रदेश में 108 सेवा द्वारा अब तक कुल 3,060 से अधिक आपात प्रसव कराए जा चुके हैं, जिनमें से सिरमौर जिला में अकेले 809 सफल प्रसव दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि ज़िले में 108 सेवा का क्रियाशील नेटवर्क और कर्मियों की तत्परता जनसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed