नाहन: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मेडिकल कॉलेज नाहन दौरे के दौरान नर्सेज एसोसिएशन ने अपनी पुरानी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। एसोसिएशन की मेडिकल कॉलेज नाहन इकाई ने अध्यक्षा कमलेश शर्मा की अगुवाई में मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें “स्टाफ नर्स” के पदनाम को बदलकर “नर्सिंग ऑफिसर” करने की पुरजोर वकालत की गई।
अध्यक्षा कमलेश शर्मा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि “स्टाफ नर्स” के पदनाम को “नर्सिंग ऑफिसर” में बदलने से न केवल उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा बढ़ेगी, बल्कि उनकी जिम्मेदारियों को भी उचित सम्मान मिलेगा। उन्होंने तर्क दिया कि भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) और कई अन्य राज्य सरकारें पहले ही इस बदलाव को लागू कर चुकी हैं। इस कदम से नर्सिंग स्टाफ का मनोबल बढ़ेगा, जिसका सीधा सकारात्मक असर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एसोसिएशन की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और इस बदलाव को हिमाचल प्रदेश में भी लागू करने का सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज नाहन में नर्सिंग स्टाफ के रिक्त पड़े पदों को जल्द भरने का भी भरोसा दिलाया है, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार होगा।
इस विशेष अवसर पर मेडिकल कॉलेज नाहन के तमाम उच्च अधिकारी, सभी नर्सिंग सुपरीटेंडेंट, मेट्रन, नर्सिंग सिस्टर्स, समस्त नर्सिंग स्टाफ और एसोसिएशन की महासचिव रीटा राणा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।