अर्की में शिकार के दौरान गोली लगने से व्यक्ति की मौत, 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन के अर्की उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गाँव जमरोटी के जंगल में गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के साथ जंगल में मौजूद 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला शिकार के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने का जान पड़ता है।

पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के पुत्र राहुल निवासी जमरोटी ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता लक्ष्मीकांत जंगल में घायल अवस्था में पड़े हैं। जब परिजन मौके पर पहुँचे, तो लक्ष्मीकांत जमीन पर लहूलुहान पड़े थे। उनके शरीर के पीछे बाईं ओर कुल्हे के पास गोली लगने का गहरा जख्म था। घायल को तुरंत चारपाई के सहारे मुख्य मार्ग तक लाया गया और अर्की अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्की पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए SFSL (स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और वहां से भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक का पोस्टमार्टम आईजीएमसी (IGMC) शिमला में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी रणजीत सिंह (62 वर्ष), निवासी गाँव जमरोटी, को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। प्रारंभिक अन्वेषण के अनुसार, मृतक लक्ष्मीकांत और आरोपी रणजीत सिंह दोनों शिकार के उद्देश्य से जंगल में गए थे। बताया जा रहा है कि जंगल में चलते समय अचानक आरोपी रणजीत सिंह का पैर फिसल गया, जिससे उसकी लोडेड बंदूक से अचानक गोली चल गई और सीधे लक्ष्मीकांत को जा लगी।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और बंदूक के लाइसेंस की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह वास्तव में एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई आपसी रंजिश या अन्य कारण थे।

प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे अवैध रूप से शिकार न करें और हथियारों के रखरखाव में पूरी सावधानी बरतें। मामले की जांच अभी जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।