अर्की: संजय अवस्थी ने मटेरनी स्कूल में विज्ञान खंड की रखी आधारशिला

Photo of author

By Hills Post

सोलन: अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने गुरुवार को ग्राम पंचायत मटेरनी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनी मटेरनी में 1.05 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले विज्ञान खंड भवन की विधिवत आधारशिला रखी। इस अवसर पर उपस्थित छात्रों और जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने शिक्षा को एक विकसित और परिश्रमी समाज का मुख्य आधार बताया और कहा कि पिछले तीन वर्षों में सरकार द्वारा लिए गए गुणात्मक निर्णयों के सकारात्मक परिणाम अब पूरी तरह से धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की उपलब्धियों का विशेष जिक्र करते हुए विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों, अध्यापकों की मेहनत और बच्चों के दृढ़ निश्चय से आज सरकारी स्कूल निरंतर सुधार कर रहे हैं। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए कहा कि ‘राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण-2025’ में हिमाचल प्रदेश अब देश में पांचवें स्थान पर आ गया है, जबकि वर्ष 2021 में राज्य 21वें पायदान पर था। इसके साथ ही राज्य की साक्षरता दर भी 99.3 प्रतिशत के उत्कृष्ट स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में अर्की विधानसभा क्षेत्र में तीन स्थानों पर ‘राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल’ स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके प्रारंभिक कार्यों के लिए 2-2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही इनका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।

क्षेत्र के मूलभूत विकास कार्यों को लेकर संजय अवस्थी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत मटेरनी और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 2.30 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा, क्षेत्र के लोगों को लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए 3 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस बजट से जयनगर से मटेरनी तक 5 किलोमीटर नई एचटी लाइन, 4 किलोमीटर नई एलटी लाइन, नए ट्रांसफार्मर की स्थापना और पुरानी तारों को बदलने का कार्य शुरू भी कर दिया गया है।

इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने निक्कूझाल से सारमा संपर्क मार्ग और स्कूल के रास्ते के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित करने के मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने की बात कही। उन्होंने स्कूल में मंच के शेड निर्माण के लिए 2 लाख रुपए, आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 5,100 रुपए और महिला स्वयं सहायता समूह को (पंजीकरण के बाद) सामान खरीदने के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।

इससे पूर्व, विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया और स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। औपचारिक कार्यक्रम के बाद विधायक ने ‘विधायक गांव के द्वार’ पहल के तहत स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित निपटारे के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर बाघल लैंड लूज़र परिवहन समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, एसडीएम अर्की निशांत तोमर, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, उप निदेशक शिक्षा गोपाल चौहान सहित लोक निर्माण और विद्युत विभाग के अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।