नाहन : हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक बार फिर श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहाँ स्थित जय एलॉयज कंपनी में काम के दौरान एक भयानक हादसा पेश आया, जहाँ भट्टी से निकले खौलते लोहे की चपेट में आने से चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने इस संबंध में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब भट्टी सुचारू रूप से काम नहीं कर रही थी। अचानक हुए धमाके के साथ खौलता हुआ पिघला लोहा बाहर आ गिरा, जिसने वहाँ काम कर रहे अमरजीत (42) निवासी अंबाला, ओमंकार (32) निवासी झारखंड, उस्मान (19) निवासी उत्तर प्रदेश और काशीदास (35) निवासी बिहार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में चीख-पुकार मच गई और घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हादसे की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता अमरजीत जो स्वयं इस दुर्घटना में घायल हुए हैं, ने बताया कि यह दुर्घटना कंपनी में सुरक्षा प्रबंधों की भारी कमी और तकनीकी खामियों के कारण हुई है। धमाके के बाद मची अफरा-तफरी में श्रमिक काशीदास लोहे के स्लैब पर जा गिरे, जिससे उनके शरीर के जलने के साथ-साथ पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि कंपनी प्रबंधन के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों और सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी तय की जा सके।