सोलन: हिमाचल प्रदेश के कसौली की खूबसूरत वादियों में एक बार फिर माउंटेन बाइकिंग का रोमांच देखने को मिलेगा। देश की प्रतिष्ठित स्कूल-स्तरीय माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता टूर डी सनावर (MTB XCO) का सातवां संस्करण रविवार, 1 नवंबर 2026 को ऐतिहासिक द लॉरेंस स्कूल, सनावर के परिसर में आयोजित होने जा रहा है।
इस रोमांचक प्रतियोगिता का आयोजन द लॉरेंस स्कूल सनावर, द ओल्ड सनावेरियन सोसाइटी और हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (HASTPA) संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

देश भर के जाने-माने स्कूलों की टीमें लेंगी हिस्सा
2018 में शुरू हुए टूर डी सनावर ने स्कूली स्तर पर माउंटेन बाइकिंग को नई पहचान दी है। इस बार प्रतियोगिता में देश के 150 से ज्यादा स्कूली साइकिलिस्ट और पेशेवर राइडर्स शामिल होंगे। इनमें द लॉरेंस स्कूल लवडेल ऊटी, भवन विद्यालय चंडीगढ़, ऑकलैंड हाउस शिमला, स्टोक्स मेमोरियल स्कूल शिमला और मोहाली के ATS की टीमें प्रमुख रूप से हिस्सा लेंगी। यह आयोजन सनावर ग्लोबल साइक्लिंग लीग का भी मुख्य हिस्सा है, जिसका मकसद देश के 100 स्कूलों में साइक्लिंग को बढ़ावा देना है।
चुनौतीपूर्ण होगा 3 से 6 किलोमीटर का ट्रैक
प्रतियोगिता क्रॉस-कंट्री ओलंपिक (XCO) प्रारूप में होगी। इसके लिए स्कूल परिसर में 3 से 6 किलोमीटर का एक बेहद चुनौतीपूर्ण सर्किट तैयार किया गया है, जिसमें तीखे मोड़, खड़ी चढ़ाई और तेज ढलान राइडर्स की सहनशक्ति और तकनीकी कौशल की कड़ी परीक्षा लेंगे।
विजेताओं को मिलेंगे 3 लाख रुपये तक के नकद इनाम और साइकिलें
इस प्रतियोगिता में स्कूल जूनियर (बालक और बालिका), स्कूल सीनियर (बालिका और बालक) और प्रोफेशनल अंडर-18/ओपन वर्ग समेत कुल 5 श्रेणियां होंगी। विजेताओं को 3 लाख रुपये तक की इनामी राशि, नकद पुरस्कार, ब्रांडेड साइकिलें और गियर दिए जाएंगे। इसके अलावा, बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक छात्र और छात्रा को ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग राइडर’ के विशेष खिताब से भी नवाजा जाएगा। समय पर रेस पूरी करने वाले सभी राइडर्स को फिनिशर मेडल भी मिलेंगे।
कल होगा मुख्य मुकाबला
प्रतियोगिता का मुख्य आयोजन रविवार को खेतरपाल स्टेडियम (पीसस्टेड) और सोम दत्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। इससे पहले शनिवार, 31 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे से रूट ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। द लॉरेंस स्कूल ने सभी मीडियाकर्मियों को इस रोमांचक मुकाबले की कवरेज के लिए आमंत्रित किया है।