सोलन: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेरी कलां में विकास को रफ्तार देते हुए 90.66 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 महत्वपूर्ण विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत देते हुए तीन मुख्य परियोजनाओं के उद्घाटन किए। इनमें शालाघाट-अर्की-कुनिहार-बरोटीवाला मार्ग पर गम्बर खड्ड पर 12.92 करोड़ रुपये से बना 45 मीटर स्पैन का डबल लेन आर्च पुल शामिल है, जो आवाजाही को और सुगम बनाएगा। इसके अलावा उन्होंने 3.42 करोड़ रुपये की लागत से बने नए बीडीओ कार्यालय भवन धर्मपुर और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रथा में 51 लाख रुपये की लागत से तैयार विज्ञान भवन का भी लोकार्पण किया।
सड़कों के सुधार और बांध निर्माण की रखी आधारशिला
लोकार्पण के साथ ही मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए। इनमें दत्यार के पास 20.83 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाला कौशल्या बांध प्रमुख है। इसके साथ ही सड़कों के नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए किम्मूघाट से चक्की का मोड़ सड़क के सुधार कार्य (16.24 करोड़ रुपये) और जंगेशू से औडा वाया भनेट सड़क (6.33 करोड़ रुपये) की आधारशिला रखी गई।
इसके अतिरिक्त, ग्रोणी से सरी सड़क वाया बोहरों के उन्नयन (7.03 करोड़ रुपये), सुबाथू से ग्राम चपला (शहीद सुदेश मार्ग) की मेटलिंग और तारकोल बिछाने (3.77 करोड़ रुपये), रेहला से मठान वाया शार्ड संपर्क मार्ग (3.48 करोड़ रुपये) और देवठी-बराह कून सड़क के सुधार कार्य (8.06 करोड़ रुपये) का भी शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने 5 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले धर्मपुर-कसौली सड़क के अपग्रेडेशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-III) के तहत 3.08 करोड़ रुपये की लागत से नागली से चेवा सड़क के निर्माण व सुधार कार्यों की भी आधारशिला रखी। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से कसौली क्षेत्र में कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा।