कसौली में पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला के कसौली थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव शनोगी डाकघर मलेरा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने तेजधार हथियार से अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना 31 जनवरी, 2026 की शाम की है। आरोपी पति, 43 वर्षीय चतर सिंह ने पहले पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की कि उसकी पत्नी सुमन (38) ने उस पर हमला किया है और खुद को कमरे में बंद कर लिया है। लेकिन जब पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम और परिजन मौके पर पहुंचे, तो सुमन का शव खून से लथपथ हालत में कमरे में पड़ा मिला। मृतका के शरीर और गले पर तेजधार हथियार के गहरे घाव थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पति चतर सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की ननद पूजा, निवासी शामती, सोलन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 जनवरी की शाम को उनके ससुर को पड़ोसी नरेंद्र सिंह का फोन आया था कि सुमन और चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है। जब वे लोग शनोगी पहुंचे, तो सुमन मृत पाई गई। पूजा ने आरोप लगाया कि उसके भाई चतर सिंह ने ही इस हत्या को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) परवाणू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त एक चाकू और एक कैंची को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी (IGMC) शिमला भेजा गया है।

पुलिस ने पूजा के बयान के आधार पर थाना कसौली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की, जिसमें सच्चाई सामने आ गई। जांच में पुष्टि हुई कि आपसी झगड़े के बाद चतर सिंह ने ही अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगामी जांच जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।