कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी बोले लैंगिक हिंसा खत्म करना ही नई चेतना 4.0 का लक्ष्य

Photo of author

By Hills Post

सोलन: कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि समाज से लैंगिक असमानता को मिटाने के लिए शिक्षा, जागरूकता और परिवार में समान जिम्मेदारियों को बढ़ावा देना अनिवार्य है। वे मंगलवार को सोलन में ‘नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय लैंगिक अभियान’ के तहत आयोजित एक दिवसीय खंड स्तरीय कार्यशाला को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

विधायक ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लिंग आधारित हिंसा को जड़ से समाप्त करना है। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार के सुधारात्मक प्रयासों से राज्य में लिंगानुपात में सुधार हुआ है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब राशन कार्ड परिवार की महिला मुखिया के नाम पर बनाए जा रहे हैं और महिलाओं के नाम पर भूमि या संपत्ति पंजीकरण करवाने पर पुरुषों की तुलना में कम शुल्क लिया जाता है।

कार्यशाला के दौरान विकास खंड अधिकारी (BDO) सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि सोलन ब्लॉक में महिला सशक्तिकरण की जड़ें मजबूत हो रही हैं; यहाँ लगभग 400 स्वयं सहायता समूह (SHG) सक्रिय हैं, जिनसे करीब 6,000 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बंसल ने भी लैंगिक समानता पर अपने विचार रखे। इस दौरान पुलिस, महिला एवं बाल विकास, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और स्वरोजगार के बारे में जागरूक किया। हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश शर्मा ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में रंगोली, मेहंदी, नुक्कड़ नाटक और पारंपरिक व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने समूह गान के जरिए जागरूकता का संदेश दिया। विधायक ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अन्हेच के प्रधान मोहन लाल कंवर, कार्यक्रम प्रबंधक बबीता शर्मा और तहसील कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।