कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िला से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कोटला के भाली गांव में पुलिस ने एक रिटायर्ड बीएसएफ जवान को अपनी ही पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जगदीश चंद और उनकी पत्नी उषा देवी के बीच पिछले करीब 10 सालों से पारिवारिक विवाद चल रहा था. बुधवार सुबह करीब छह बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर से बहस हो गई। आरोप है कि इसी कहासुनी के दौरान जगदीश चंद ने गुस्से में आकर लोहे के एक औज़ार से उषा देवी के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में गंभीर चोट लगने की वजह से उषा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की सूचना मिलते ही जवाली के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी, कोटला थाना पुलिस और नूरपुर की फॉरेंसिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और ज़रूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतका के भाई उत्तम चंद के बयान के आधार पर आरोपी जगदीश चंद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परिवार के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, इस दंपति की दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी और बेटा माता-पिता से अलग रहते हैं। नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने इस घटना के बारे में बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।