नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा संगठन की रीढ़ हैं। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर ही संगठन अपनी रणनीति तैयार करता है और उसे ज़मीन पर उतारता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में भाजपा के लाखों कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर समर्पण भाव से श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं।
डॉ. बिंदल आज नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आमवाला–सैनवाला तथा सलानी–कटोला पंचायतों में आयोजित बूथ स्तरीय बैठकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आमवाला, सैनवाला, सलानी और मोहलिया–कटोला बूथों पर कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के 121 बूथों पर बूथ संपर्क अभियान और बैठकों का क्रम निरंतर जारी रहेगा, ताकि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याओं को सीधे समझा जा सके।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जन विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की जनता परेशान है। सड़कों पर गड्ढे पड़े हैं, जिनमें मिट्टी डालकर काम चलाया जा रहा है। वहीं, पीने के पानी के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार पूरी तरह से सोई हुई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार का तीन साल का कार्यकाल जनता के लिए अभिशाप बन चुका है और प्रदेश की जनता अब इस सरकार से जल्द से जल्द छुटकारा चाहती है।