नाहन : जिला सिरमौर में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत SIU नाहन की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने कालाअंब क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक चालक को भारी मात्रा में चूरा पोस्त (डोडे के चूरे) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिव कुमार उर्फ शंकर, निवासी सतौन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 06 किलो 11 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है, जिसे वह बाहरी राज्य से तस्करी कर हिमाचल लाया था।
जानकारी के अनुसार, कल SIU नाहन की पुलिस टीम कालाअंब और आसपास के इलाकों में गश्त व गुप्त सूचनाएं एकत्र करने के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि सतौन निवासी शिव कुमार, जो पेशे से ट्रक चालक है, अपने ट्रक (नंबर HP17J 5499) में बाहरी राज्यों से चूरा पोस्त की बड़ी खेप लेकर आ रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि वह इस नशे को कालाअंब और पांवटा साहिब के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में है।

गुप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर से कुल 06 किलो 11 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि नशीले पदार्थ की यह खेप किस राज्य से लाई गई थी और स्थानीय स्तर पर इसके तार किन-किन तस्करों से जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सप्लायर तक पहुँचने के लिए जांच तेज कर दी गई है ताकि इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सके।