नाहन : पुलिस थाना कालाअंब में गलत दिशा और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण हुई सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के संदर्भ में अभिषेक कश्यप (पुत्र भगवान दास कश्यप), निवासी गांव व डाकघर मोगीनंद, तहसील नाहन, जिला सिरमौर की शिकायत पर थाना कालाअंब में मामला पंजीकृत किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बीते कल सुबह एक मोटरसाइकिल (नंबर UP25 EP 6793) अपनी सही दिशा में नाहन से कालाअंब की तरफ जा रही थी। उसी समय काला आम्ब की तरफ से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल (नंबर HP71A 3495) का चालक अपनी सही दिशा छोड़कर गलत दिशा में आ गया।

गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल (HP71A 3495) ने दूसरी मोटरसाइकिल (UP25 EP 6793) को दाहिनी तरफ जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक कुनाल (पुत्र बबलू), निवासी गांव हरुनगला, डाकघर व तहसील बीसलपुर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को चोटें आई हैं।
जांच में पाया गया कि दुर्घटना मोटरसाइकिल (HP71A 3495) के चालक पुष्पेंद्र (पुत्र दीना नाथ), निवासी गांव व डाकघर दुनका, तहसील मीरगंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) द्वारा वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में चलाने के कारण हुई। पुलिस ने आरोपी चालक पुष्पेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।