नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्शन टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना माजरा के अंतर्गत पड़ने वाले कोलर क्षेत्र में एक परचून की दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल डिटेक्शन टीम को 18 अप्रैल 2026 को सटीक सूचना मिली थी कि कोलर निवासी तपेन्द्र सिंह (52 वर्ष), पुत्र अलबेल सिंह, अपनी परचून की दुकान की आड़ में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर एक गत्ते की पेटी से ‘PROXIOHM-SPAS’ मार्का के कुल 696 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल (29 स्ट्रिप्स) बरामद हुए।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नशीले कैप्सूलों के साथ-साथ दुकान से 40,000 रुपये की नकदी भी बरामद की है, जिसे नशे की बिक्री से अर्जित राशि माना जा रहा है। जब आरोपी से बरामद दवाओं के संबंध में परमिट या वैध लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश करने में नाकाम रहा। पुलिस ने नशीली सामग्री और नकदी को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस थाना माजरा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गहनता से इस मामले की तफ्तीश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली दवाओं के इस अवैध कारोबार के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।