गिरिनगर में शहीद के नाम वाले स्कूल पर तालाबंदी से भड़के लोग, DC को सौंपा ज्ञापन

नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिरिनगर में दशकों पुराने ‘शहीद कुलविंदर सिंह राजकीय हाई स्कूल’ को बंद करने के सरकारी आदेशों ने तूल पकड़ लिया है। इस निर्णय के विरोध में आज भारी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय नाहन की सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया।

ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि यह स्कूल साल 1959 से चल रहा है और कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद कुलविंदर सिंह के नाम पर समर्पित है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्कूल से पढ़कर निकले कई छात्र आज देश के बड़े पदों पर सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक संस्थान को बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदर्शनकारियों ने जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर इस आदेश को रद्द करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का तर्क है कि इस स्कूल में कई पंचायतों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। यदि यह स्कूल बंद होता है, तो बच्चों को 5 से 6 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा, क्योंकि इस दायरे में कोई अन्य वैकल्पिक स्कूल उपलब्ध नहीं है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पिछले तीन वर्षों से लगातार संस्थानों को बंद करने का काम कर रही है। उन्होंने इसे “तालाबंदी वाली सरकार” करार देते हुए कहा कि एक शहीद के नाम पर चलने वाले स्कूल पर ताला लटकाना प्रदेश के वीरों का अपमान है। उन्होंने महामहिम राज्यपाल से मांग की है कि जनहित और बच्चों के भविष्य को देखते हुए इस स्कूल को यथावत चलाया जाए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।