गिरिपार का गौरव: बिना कोचिंग के शौर्य तोमर ने क्रैक की NDA परीक्षा, क्षेत्र में खुशी की लहर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : दृढ़ संकल्प और सेल्फ स्टडी के बल पर सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कमरऊ गांव के निवासी शौर्य तोमर ने देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) परीक्षा में 380वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शौर्य की इस शानदार उपलब्धि से उनके गांव और पूरे सिरमौर जिले में खुशी का माहौल है।

शौर्य की इस सफलता की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने इसके लिए किसी भी व्यावसायिक कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। पूरी तरह से सेल्फ स्टडी, अनुशासन और अपनी मेहनत पर भरोसा रखते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त करने वाले शौर्य इससे पूर्व भी दो बार NDA की लिखित परीक्षा पास कर चुके थे। असफलताओं से हताश होने के बजाय उन्होंने अपनी कमियों में सुधार किया और तीसरे प्रयास में सफलता की नई कहानी लिख दी।

बचपन से ही सेना में उच्च अधिकारी बनने का सपना देखने वाले शौर्य का लक्ष्य अब भारतीय वायुसेना (IAF) में बतौर अधिकारी शामिल होकर देश की रक्षा करना है। शौर्य बताते हैं कि उन्हें देशसेवा की मुख्य प्रेरणा अपने पिता से मिली। उनके पिता प्रदीप तोमर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त (नवंबर 2023) जवान हैं और वर्तमान में चौकी मृगवाल में कला अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

बेटे की इस स्वर्णिम सफलता पर पिता प्रदीप तोमर और माता कविता तोमर ने गहरा गर्व व्यक्त किया है। पिता ने कहा कि शौर्य की यह सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो बिना कोचिंग के भी कठिन से कठिन परीक्षा पास की जा सकती है। शौर्य की बहन आस्था तोमर, जो रोहड़ू से बी-फार्मेसी की पढ़ाई कर रही हैं, ने भी भाई की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।