सोलन: गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में स्वर्गीय श्रीमती सविता गर्ग जी की पुण्य स्मृति को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए 19वें श्रीमती सविता गर्ग मेमोरियल इवेंट इन्फोटेनिएड एवं रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर ज्ञान, प्रतिभा, रचनात्मकता, सेवा और मानव कल्याण के उन उच्च मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया, जो समाज के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहते हैं।

मंगलमय शुभारंभ और रक्तदान शिविर
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलमय दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई भक्तिमय देवी वंदना ने संपूर्ण परिसर के वातावरण को आध्यात्मिक एवं गरिमामय बना दिया। श्रीमती सविता गर्ग की स्मृति में प्रत्येक वर्ष इन दोनों कार्यक्रमों का एक ही दिन आयोजन किया जाता है।
रक्तदान शिविर के दौरान सेवा और मानवता की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग एवं पीयूष गर्ग ने स्वयं सबसे पहले रक्तदान कर एक अनुकरणीय मिसाल पेश की। उनके इस प्रेरणादायी कदम से उत्साहित होकर अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। यह शिविर सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है की भावना को चरितार्थ करते हुए मानवता और परोपकार का संदेश देता नजर आया।
‘इन्फोटेनिएड’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं
रक्तदान शिविर के उपरांत आयोजित इन्फोटेनिएड में सोलन जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने भारी उत्साह के साथ सहभागिता की। इस वृहद शैक्षणिक मंच पर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने इन सभी प्रतियोगिताओं में अपनी तार्किक सोच, प्रभावशाली संवाद, कलात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या का संबोधन और प्रेरणा
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बख्शी ने सोलन जिले से पधारे सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को सीखने, सोचने, अपनी छिपी प्रतिभा को पहचानने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने इस दोहरे आयोजन को सफल बनाने वाले सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।