गैस रिसाव से 8 मजदूरों की जान पर बन आई थी, कंपनी प्रबंधन पर FIR दर्ज

Photo of author

By Hills Post

पांवटा साहिब: सिरमौर के पांवटा साहिब में सूरजपुर स्थित दवा कंपनी तिरुपति लाइफ साइंसेज (Tirupati Life Sciences) में हुए गैस रिसाव मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार शाम को कंपनी के स्टोर टैंक से मिथाइल डाइक्लोराइड (Methyl Dichloride) गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी और 8 कामगारों की तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिस ने अब कंपनी प्रबंधन और मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों (Safety Standards) की भारी अनदेखी की जा रही थी। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) एन.एस. नेगी ने बताया कि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। इसी आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 (जान जोखिम में डालना), 125(ए) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में पाया गया कि स्टोर के भीतर बने टैंक से ही गैस लीक हुई थी, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।

हादसे के बाद कुल 8 कामगारों को सांस लेने में दिक्कत और घबराहट के चलते निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती सीमा, निशा, खुशबू, शवाना, महेश और सुहानी अभी भी उपचाराधीन हैं। जबकि सुमन और पूजा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।