घुमारवीं में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 11 वर्षीय मासूम की मौत

Photo of author

By Hills Post

घुमारवीं: बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत कुलारु क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक ट्रक और स्कूटी की जोरदार टक्कर में 11 वर्षीय मासूम बालक की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे जोलपलाखी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोलपलाखी का रहने वाला यह 11 वर्षीय बालक अपने परिवार के साथ स्कूटी पर सवार होकर मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक नंबर: HP67 7343 के अगले टायर से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचित किया। गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गहरी चोटों के कारण चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस दर्दनाक दुर्घटना में किस पक्ष की लापरवाही रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दुखद घटना के मद्देनजर, प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।