जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाकर करते थे लूट; बद्दी पुलिस 48 घंटे में दबोचे 5 आरोपी

सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो राहगीरों को डरा-धमकाकर उनसे जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए लूटपाट करता था। बद्दी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मात्र 48 घंटों के भीतर पूरे गिरोह को दबोच लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग राज्यों से संबंध रखते हैं और बद्दी में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

शिकायतकर्ता रजनीश यादव, जो हाउसिंग बोर्ड फेज-01 बद्दी में रहते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 फरवरी 2026 की शाम जब वह ड्यूटी से लौट रहे थे, तो गोल मार्केट के पास पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने का डर दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने रजनीश के ‘गूगल पे’ (Google Pay) खाते से जबरन ₹23,260 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए और उन्हें धमकाकर मौके से भगा दिया।

मामला दर्ज होते ही बद्दी पुलिस की साइबर सेल और सीसीटीवी (CCTV) टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने यूपीआई ट्रांजेक्शन की बारीकी से पड़ताल की और बैंक खातों को ट्रैक किया। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुनियोजित ढंग से दबिश देकर भूपेंद्र सिंह (बद्दी), चंदन प्रसाद (बिहार), गोलू कुमार (बिहार), मोहम्मद आफताब (उत्तर प्रदेश) और मोहम्मद फरमान (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पहले भोले-भाले लोगों को जुआ या सट्टा खेलने के लिए प्रलोभन देता था। एक बार जब व्यक्ति उनके जाल में फंस जाता, तो आरोपी उसे डरा-धमकाकर उसका मोबाइल छीन लेते थे और जबरन ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने बद्दी क्षेत्र में ऐसी और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध वसूली या गुंडागर्दी करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन लूट की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।