सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कसौली उपमंडल के तहत राजकीय आदर्श सीनियर सेकंडरी स्कूल राजड़ी-जाबली में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर साल भर पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में अव्वल रहने वाले छात्र-छात्राओं को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

स्कूल की प्रिंसिपल मोनिका ठाकुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और साल भर की स्कूली गतिविधियों का ब्योरा सबके सामने रखा। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य नेत्र अत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में बीडीसी सदस्य पंकज मनकोटिया, जाबली पंचायत की प्रधान नीलम ठाकुर, उप-प्रधान ललित अत्री, एसएमसी प्रधान नंद किशोर सूद और एसएमसी उप-प्रधान पूजा शर्मा मौजूद रहे।
विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए नेत्र अत्री ने जीवन में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, ईमानदारी और बड़ों के सम्मान की अहमियत पर बात की। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य सिर्फ सफलता पाना नहीं है, बल्कि एक चरित्रवान, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनना भी है। स्कूल के पूरे स्टाफ और बच्चों की मेहनत से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।