डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना, कहा- जनता त्रस्त, विकास ठप

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि हिमाचल का जन मानस वर्तमान कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से त्रस्त है। समाज का हर वर्ग मान चुका है कि इन तीन सालों में हिमाचल प्रदेश बहुत पीछे चला गया है। कांग्रेस सरकार को अपने तीन साल के कार्यों का ब्यौरा हिमाचल की जनता के सामने रखना चाहिए।

डा. राजीव बिन्दल आज रविवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत माता कटासन मंडल की सैनवाला मुबारिकपुर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी कार्यप्रणाली से आमजन का व्यक्तिगत अहित होने के साथ ही समाज का सामुहिक अहित भी हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सब ओर विकास बंद है और वर्तमान कांग्रेस सरकार ने तीन साल झूठ बोलकर बिता दिये हैं और केवल भाजपा को गाली देने में लगा दिये हैं।

डा. राजीव बिन्दल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के समक्ष कई सवाल खड़े किये है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बताये कि हिमाचल में दो हजार, स्कूल कॉलेज और अन्य संस्थान क्यों बंद कर दिये़। सरकार ने डेढ़ लाख स्वीकृत पदों को क्यों समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख सरकारी पदों को समाप्त करके कांग्रेस सरकार ने बेरोजगार युवाओं के साथ क्यों धोखा किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की गारंटी के हिसाब से पहली कैबिनेट में एक लाख और पांच साल में पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलनी थी। आज भी बेरोजगार युवा नौकरी का इंतजार कर रहा है, जबकि सरकार कहीं वन मित्र, कहीं पशु मित्र, रोगी मित्र लगाकर पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं के साथ मजाक कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की 28 लाख बहनों को 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी आज प्रदेश की बहनों का 54 हजार रुपये का कर्जा सरकार और कांग्रेस पर चढ़ गया है। आज प्रदेश की 28 लाख बहनें सरकार से पैसे मिलने के इंतजार में हैं और सरकार झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का कार्य कर रही है।

डा. बिन्दल ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की जन विरोधी निर्णयों को घर-घर, गांव गांव तक पहुंचाने का संकल्प कार्यकर्ताओं ने लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता शानदार ढंग से संगठन और समाज का कार्य करते हुये समाज में उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष मलकीत चौधरी व अन्य पदाधिकारियों ने भी इस अवसर पर अपने विचार सांझा किये।

इस अवसर पर भाजपा कटासन मंडल एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।