त्रिलोकपुर: माता बालासुन्दरी मंदिर के पास पलटा ऑटो; एक की गई जीवनलीला समाप्त

नाहन : सिरमौर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोकपुर में माता बालासुन्दरी मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक ऑटो रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा 18 मार्च 2026 की रात को पेश आया।जैसे ही ऑटो त्रिलोकपुर मंदिर के समीप पहुँचा, चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार भारत भूषण (पुत्र राज कुमार), निवासी मुखर्जी पार्क, जगाधरी (यमुनानगर, हरियाणा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ऑटो चालक सुरेश कुमार (पुत्र दीना नाथ), निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, जगाधरी को भी काफी चोटें आई हैं। घायल चालक का वर्तमान में नाहन अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही काला आम्ब पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आगामी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस थाना काला आम्ब में चालक सुरेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a) और 106 के तहत लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने का अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।