नाहन : सिरमौर जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बाला सुंदरी मंदिर के समीप आज एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। चैत्र नवरात्र मेले के उल्लास के बीच कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग पर पालियों संपर्क मार्ग के पास एक अज्ञात युवक की ऊंचाई से गिरने के कारण जान चली गई।
जानकारी के अनुसार करीब 25 से 26 वर्षीय एक युवक सड़क किनारे लगे पैराफिट पर सोया हुआ था। दोपहर के वक्त गहरी नींद में अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह पैराफिट से सीधे नीचे गहरे खाले में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े।

पुलिस के लिए मृतक की शिनाख्त करना फिलहाल एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। मृतक की बाजू पर “धनेश्वर प्रजापति” नाम का टैटू बना हुआ है। पुलिस इसी नाम को आधार मानकर उसकी पहचान के प्रयास कर रही है। हुलिए और टैटू को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक बाहरी राज्य का निवासी हो सकता है और संभवतः माता के दर्शन के लिए मेले में आया था।
हादसे की सूचना मिलते ही त्रिलोकपुर मेला क्षेत्र में तैनात मेडिकल टीम सक्रिय हो गई और युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए मेला स्थल पर लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट करवाई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। आगामी 72 घंटों तक शव को पहचान के लिए रखा जाएगा।