ददाहू क्षेत्र से लापता व्यक्ति का शव मारकंडा नदी किनारे मिला, जांच में जुटी पुलिस

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: सिरमौर जिले के कालाआंब थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ओगली में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां मारकंडा नदी के किनारे एक पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त दलीप सिंह (35 वर्ष) पुत्र मेहर सिंह, निवासी गांव कांडो हरियास (डाकघर भाटगढ़, तहसील ददाहू) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह स्थानीय पुलिस टीम एक अन्य लापता महिला की तलाश में ओगली के पास मारकंडा नदी किनारे पहुंची थी। खोजबीन के दौरान अचानक पुलिस की नजर एक पेड़ पर पड़ी, जहां जंगली बेल के फंदे से एक व्यक्ति का शव लटक रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासी भाग सिंह और यशपाल (निवासी कांडो हरियास) ने शव की पहचान अपने गांव के ही दलीप सिंह के रूप में की। इसके बाद घटना की जानकारी मृतक के चचेरे भाई इंद्र सिंह को दी गई। परिजनों के अनुसार, दलीप सिंह बीते 11 नवंबर को घर से दीपावली देखने के लिए चाड़ना गए थे, लेकिन उसके बाद से वे वापस नहीं लौटे थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा था। हालांकि, शरीर पर बाहर से किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं और मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद नहीं हुआ है।

एएसपी नरेंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि नाहन अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बीएनएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एसएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed